संसार में मनुष्‍य के लिए सबसे उपयोगी क्‍या है ? इसका जवाब आपको यहां मिलेगा

यूनान के इतिहास में राजा मिडास का जिक्र आता है। अपना ज्ञान बढ़ाने के लिए वह कठिन से कठिन काम करने से पीछे नहीं हटता था। एक बार उसके दिमाग में सवाल उठा कि दुनिया में मनुष्य के लिए सबसे उपयोगी क्या है? मिडास ने यह सवाल दरबार में पूछा। किसी ने कहा कि धन है, किसी ने कहा सत्ता है तो किसी ने कहा कि सबसे उपयोगी चीज लोगों का प्रेम कमाना होता है। राजा मिडास इन जवाबों से संतुष्ट नहीं हुआ।

किसी ने उसे बताया कि अगर वह किसी तरह डायोनिसस के साथी सिलेनस नाम के किन्नर तक पहुंच जाए तो उसे अपने सवाल का जवाब मिल सकता है। अब राजा मिडास सिलेनस को खोजने अपना घोड़ा लेकर निकल पड़ा। बहुत दिनों तक वह जंगलों में भटकता रहा। आखिरकार एक दिन उसकी भेंट सिलेनस से हो ही गई। राजा ने उससे वही सवाल पूछा तो सिलेनस चुप रहा। जब राजा ने जिद की तो सिलेनस ठहाका मारकर हंस पड़ा और बोला, ‘अरे मरणशील मनुष्य जाति, दुर्दैव और विपत्ति की संतान! क्यों मुझसे ऐसे सवाल का जवाब चाहते हो, जो तुम्हारे लिए न सुनना ज्यादा अच्छा होगा!’

राजा मिडास ने फिर जोर दिया तो सिलेनस बोला, ‘जो सबसे उपयोगी चीज है, वह तो तुम मनुष्यों को कभी नहीं मिल सकती। सबसे उपयोगी चीज है जन्म न लेना, अस्तित्व में न आना, कुछ नहीं रहना।’ ‘और इसके बाद?’ मिडास ने पूछा। ‘इसके बाद जो तुम्हारे लिए सबसे उपयोगी चीज है, वह है मृत्यु।’ ‘यानि अस्तित्व ही दुख का कारण है और इसका ना होना ही मनुष्य जीवन के लिए सबसे अधिक उपयोगी है?’ राजा मिडास ने पूछा। सिलेनस बोला, ‘हां बिलकुल।’ ‘मगर यह होगा कैसे? ’राजा ने फिर पूछा। अब सिलेनस फिर ठहाका लगाकर हंसा और बोला, ‘यही तो हो नहीं सकता, इसलिए मनुष्य जीवन के लिए संसार में कुछ भी उपयोगी नहीं है।’

संकलन : अर्चना शर्मा