कहीं आपके किचन में भी तो नहीं वास्तु दोष, बिना तोड़ फोड़ इन उपायों से करें ठीक

वास्तु शास्त्र की मान्यताओं के अनुसार किचन में वास्तु दोष होने पर व्यक्ति को जीवन के हर क्षेत्र में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस तरह के दोष से परिवार में किसी ना किसी सदस्य खराब सेहत, कार्यक्षेत्र में परेशानी, धन की समस्या, परिवार के सदस्यों में मतभेद और तनाव आदि का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में आप बिना तोड़ फोड़ किए वास्तु के आसान तरीकों से भी किचन के वास्तु दोष से मुक्ति पा सकते हैं। वास्तु में किचन से संबंधित कई नियम बनाए गए हैं, जिनका अगर ध्यान रखा जाए तो घर के सदस्य कई तरह की समस्याओं से बच सकते हैं। आइए जानते हैं बिना तोड़ फोड़ किए किचन के वास्तु दोष को किन तरीकों से दूर किया जा सकता है…

दूर होगा वास्तु दोष

किचन के गलत दिशा में होने पर वास्तु दोष का सामना करना पड़ता है। ऐसे में आप अग्नि कोण यानी पूर्व-दक्षिण दिशा के मध्य भाग में एक लाल रंग के बल्ब का प्रयोग करें। इस बल्ब को सुबह-शाम जरूर लगाएं, ऐसा करने से किचन का वास्तु दोष दूर होता है और घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

कर सकते हैं ये काम

अगर किचन का गेट मेन गेट के सामने है तो इससे भी वास्तु दोष उत्पन्न होता है। ऐसे में आप मेन गेट और किचन के बीच एक पर्दा लगा दें, इसके साथ ही किचन की पूर्व या उत्तर दिशा की दीवारों पर स्वास्तिक का चिन्ह बना दें। ऐसा करने से किचन का वास्तु दोष तो दूर होगा ही, साथ ही घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह हमेशा बना रहेगा।

दिशा का रखें ध्यान

किचन में चूल्हा को हमेशा आग्नेय कोण यानी पूर्व-दक्षिण दिशा के मध्य में रखना चाहिए। चूल्हा इस प्रकार रखें कि खाना पकाने वाले का मुख पूर्व दिशा की ओर हो। ऐसा करने से घर के सदस्यों का स्वास्थ्य हमेशा अच्छा रहता है। इसके साथ ही पीने का पानी या सामान्य जल को हमेशा ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व के बीच रखें। ऐसा करने से किचन का वास्तु दोष दूर होगा और परिवार के सदस्यों में आपसी प्रेम बना रहेगा।

पानी और आग का रखें ध्यान

किचन में कभी भी चूल्हा और सिंक एक साथ ना रखें, इन दोनों को जीतना हो सके, उतना दूर रखें। सिंक जल तत्व और चूल्हा अग्नि तत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं और ये दोनों विरोधी तत्व हैं। इन दोनों को साथ रखने से किचन में वास्तु दोष उत्पन्न होता है और घर के सदस्यों में वाद विवाद भी बना रहता है। साथ ही धन, कार्यक्षेत्र आदि कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए किचन में पानी और चूल्हा को दूर ही रखें।